Thursday, February 7, 2013

क्या तुम मुझे पहचान पाओगे - जब कभी …..



 414

क्या तुम मुझे पहचान पाओगे…
जब भी कानों में मद्दम सा इक राग गुनगुनायेगी हवा
मैं सुर की वीणा पर बैठ तुम्हारे अधरों में इक गीत बन जाउंगी
उस सुर की लय में  
क्या तुम मुझे पहचान पाओगे?
 
क्या तुम मुझे पहचान पाओगे…
जब भी तुम्हारी यादों के पैमाने भरेंगे मेरे आँसुओं से
बरखा की रिमझिम बन बरस जाऊंगी तुम्हारे आँगन में
रिमझिम की सोंधी खुश्बू में
क्या तुम मुझे पहचान पाओगे?
 
क्या तुम पहचान पाओगे मुझे…..
जब कभी हथेली उठा कर अपने हिस्से का आसमान चाहोगे तुम
सरसराती हवा बन कर सहला जाउंगी  तुम्हें
उस रेशमी स्पर्श की छुवन में 
तब क्या तुम मुझे पहचान पाओगे?
 
क्या तुम मुझे पहचान पाओगे….
जब कभी प्यार भरी नजरों की चाहत होगी तुम्हें साकी से
दूर कहीं बादलों से इक नजरे,  तुम्हें प्रेम से निहारती होंगी |
बादलों से बरसते पानी में
क्या तुम मुझे पहचान पाओगे|
 
क्या तुम मुझे पहचान पाओगे
जब कभी दोस्तों को मुखोटे पहने पाओगे
और भ्रमजाल में खुद को फंसा पाओगे
दूर किसी पवित्र मंदीर में दुआ का हाथ उठता होगा
दुआओं के लिए बुदबुदाते होठों में तुम्हारा ही नाम होगा।
आवाजों के शोर में   
क्या तुम मुझे पहचान पाओगे?
 
क्या तुम मुझे पहचान पाओगे
जब कहीं  किसी प्रेम की  मृगतृष्णा में विकल मन  तड़प रहा होगा
दूर कहीं इक खामोश दिल में  प्रेम का दरिया मचलता होगा |
ख़ामोशी के विस्तार में 
क्या तुम मुझे पहचान पाओगे?
 
क्या तुम मुझे पहचान पाओगे
जब कभी दरमियां सर्द  रिश्तों  में बेहद ठंड का अहसास होगा
दूर कहीं समय की राख के नीचे इक कोयला प्रेम का सुलग रहा होगा
गुनगुनी धूप  में जाड़ों की
क्या तुम मुझे पहचान पाओगे?
 
क्या तुम मुझे पहचान पाओगे,
जब कभी तुम अपनों की भीड़ में खुद को तन्हा पाओगे
और फिर चाहतों में किसी अपने को आता पाओगे
ख्वाहिशों के शेष में 
क्या तुम मुझे पहचान पाओगे?
 
क्या तुम मुझे पहचान पाओगे
जब कहीं कोई प्रेमपाश में  तुम्हें जबरन जकड़ता होगा
मजबूरियों का हास तुमपर  बरस कर अकड़ता  होगा
ठहाकों में  गर कोई चुभन हो  
तब क्या तुम मुझे पहचान पाओग|
 
क्या तुम मुझे पहचान पाओगे
क्या तुम मुझे पहचान पाओगे
नहीं तुम मुझे कभी नहीं पहचान पाओगे
क्यूंकि तुमने मुझे कभी जाना ही नहीं | …………… Nutan


Thursday, January 31, 2013

कहानी दो दिन की –डॉ नूतन गैरोला


 
             Edward-Rober-Hughes-Idel-Tears
 

सुनो !

तुम जानते नहीं

आज भी

जब कभी मैं

वो किताब उठाती हूँ

जिंदगी की अलमारी में सहेजी हुई

४५ गुणा ३६५ दिन की कहानियों में से,

महज दो दिन की कहानी.....

अनकही, अनसुनी, अनदेखी

अस्पष्ट और अस्वीकृत.........

पर यकीन नहीं होता

कि ये तमाम स्वीकृतियों से भारी थी

गवाह थी वो आँखें

जिसने पढ़ी थी कहानी

और सबूत में

अनमोल मोतियों से भीगाती रही थी

किताब के पन्ने

हर बार

शब्द दर शब्द ......

तब याद आया कहा

कि कभी हम तमाम जिंदगी, जिंदगी से रूबरू नहीं होते

कभी हम एक पल में ही पूरी जिंदगी को जी जाते है

और दुःख कि उस एक पल को भी समेट कर नहीं रख पाते हैं |………….. नूतन

Saturday, January 26, 2013

गीत नीले नीले – डॉ नूतन डिमरी गैरोला

     28744_426254037448050_365396008_n
  

वो गीत  

जिसमे नायिका को थमा दिया था तुमने फूल,

लाल गुलाब का गुच्छा...................

सपनो के गलियारे से उतर आती

पलकों के आँगन में

और तुम्हारे सिरहाने पे

रात के अंधियारे में

माथे को छूती 

जीवन से भरपूर

सुनहरी परी ...............

तुमने जाना कि

लाल गुलाब पा वह मुस्कुराई होगी ....

देखा भी नहीं तुमने

कि अनायास ही

कितने तीखे शूल

उस अंधियारे में भेद गए थे

उसके जिस्म को

और लहू उसका

टप टप

बूँद बूँद

टपकता रहा था

नीला नीला ......

पर तुम्हारी उंगलिया

बुनती रही

उस गीत की फिसलनपट्टी

जिस पर फिसल कर नायिका उभर आई थी जमीं पर  ........

और तुम हो कि

लिखे जा रहे हो,

एक धुन है तुम्हें

कि गीत पूरा कब हो 

शायद तुम अभी भी अनजान हो

कि कहाँ से उतर रही है

तुम्हारे कलम से

गुजरने वाली    

उन पन्नो पे

शब्दों के मोती मोती रचने वाली  

वो स्याही

नीली नीली सी .........

.

तुम्हारे गीत जिस दिन पूरे होंगे, नीली स्याही भी उसी पल ख़त्म होगी| ,,,,,,,,,,,,,, डॉ नूतन डिमरी गैरोला

 

Sunday, January 20, 2013

तू मुझको पनाह दे - नूतन

 

   Romantic-autumn-daydreaming-18932448-1024-768


    बेगुनाही की मेरी न मुझको सजा दे,
   खफा मुझसे तू क्यूँ, ए जिंदगी बता दे|
   जिन्दा बमुश्किल चाक- ए- जिगर संग
   हलाहल पिला के तू कुछ तो वफ़ा दे |
 
   बहार आ न पाई, खिजां ढल गयी है,
   खिली भी नहीं थी कि शाख गिर गयी है|
   न मसल इस कदर तू कदम रख संभल के
   उठा के कली को अब घर को सजा दे |

   वो दो दिन नहीं थे वो जीवन मेरा था
   रंगे बहार थी कि गुल खिल गए थे|
   किधर से उठा था तुफां जिल्लतों का
   जो बुझ के मिटा है वो चिराग-ए-यार मैं था|

    चाँद बादलों में, शबे गम ढल रही है
   आँखों में लहू की नदिया पिघल रही है|   
   पश्चिम में डूबा पर अब सहर हो रही है,
   दीदार यार दे कर तू अब  नूर-ए-जहां दे|
   
 
   बेगुनाही की मेरी न मुझको सजा दे,
   खफा मुझसे तू क्यूँ, ए जिंदगी बता दे
 
   दूरी तेरी न सही जा रही है 
   हार जाएगी मौत गर तू मुझको पनाह दे|
   तू मुझको पनाह दे, तू मुझको पनाह दे|

                                 ……………………… nutan ~~  … 11:57 pm 19=01= 2013
     

  

Saturday, January 19, 2013

हवा और पानी, दोस्ती अनजानी, एक कहानी


   alonegirlocean-f7237054f369aca58041b635c3bfa3d2_h


दो दोस्त हवा और पानी .. बिछड़ गए , दूर हो गए  .. सिर्फ एक तड़पते अहसास की तरह बस गए मन में इक दूजे के  .. अहसास भी क्या है लहरों से आते जाते हैं .. जब तक पानी और हवा है, लहरें भी हैं .. हवा का पानी संग खेलना, पानी का हवा से टकराना .. भाता था उन्हें और खुशियों की लहरें तरंगित हो जाती चारो तरफ .. ये बार बार हवा का खेलना, पानी का मचलना तरंगो का उठना कुछ तो था उनके बीच जो उन्हें बांधे रहता था … लेकिन आज पानी अपनी ढलान में बहता गया, सैलाब की तरह और हवा आसमा में उठते गई… उनके बीच जो बंधन था विश्वास का चरमरा गया था .. कहीं से नदियाँ उफनती उस सरल पानी के तालाब पर जा गिरी थी ..  सतह पर हवा तालाब के पानी से शिकायत करने लगी क्यूँ तुम ढलान पर बहती नदियों में समा गए हो … पर पानी बिफर गया अपमानित समझ  ..तोड़ कर बाँध बह चला और नीची ढलानों में .. हवा उठती गयी आसमानों में … पर ये क्या आसमान से पानी बहुत बरसा आज ..शायद इस विदाई पर हवा रो पड़ी, और शायद पानी ने चुपचाप अपना अंश हवा को दे दिया था और ये भी कि हवा ने दुवाएं देते हुए अपने अन्दर निहित ख़ुशी का पानी, निचोड़ दिया धरती पर - जा जब तक  धरती है, धरती पर पानी  है, तू भी है मैं भी हूँ और हमारी दोस्ती भी ..  चाहे दूर हो या पास .. अंतर्मन से सदा पास .. इसलिए आज भी लहरें खिलखिलाती हैं पानी पर …  जिंदगी की फसलें लहराती हैं धरती पर .. क्यूंकि जितना सार्थक जीवन है उतना ही है हवा पानी का साथ …. .
……………… nutan ~~

Friday, January 18, 2013

पुतली और सितारा … डॉ नूतन गैरोला


    ws_Fantasy_girl_-_Night_sky_1280x1024

                 वह, एक सितारा था, शहर के ऊपर घने बादलों के पार चाँद की दुनियां से भी बहुत दूर ... और वह औरत उसकी रौशनी में अंधेरों को मिटाती अकेले दुनियां के सफ़र में .. लोगो के लिए उसकी दुनियां चार दिवारी थी और खुद वह उस दीवार को कभी नहीं तोड़ पायी थी, न ही उस दरवाजे के ताले की चाभी उसके पास थी और दरवाजा भी ऐसा की जिसके पलड़े कभी भी बाहर की ओर नहीं खुलते थे .............

वह रात को घर की छत पर लेट अपने टुकड़े के आकाश पर बिछी काली चुनर पर, किरणों से लटके सितारे देखती और देखती के वह एक सितारा अपेक्षित सा मुंह चुरा रहा होता वह मुस्कुरा जाती कहती कितना पगला है तू, देख न छत पर तेरी ही तो रौशनी है जिसके आने पर वह गुनगुनाती है, उसको बताना चाहती कि उसके आँखों में बसी रौशनी उस सितारे के लिए है... लेकिन उसके मन की आवाज वहां तक न पहुँचती .. और अँधेरे से निकलकर चार जोड़ी चमकती आँखे चमगादड़ों की, उसे डरा जाती, वह दौड़ती हुई छत की सीडियों से उतर कर फिर चार दीवारी के भीतर अपने अंधेरों में खो जाती ..................

कितना अजनबी था यह तारा, पर कितना ख़ास हो गया था उसके लिए, इन चंद दिनों में पश्चिम का वह सितारा दूर आकाशगंगा के किनारे मद्दिम सा यदाकदा चमकता सा .. वह लड़की आँखें बंद करती और उसकी दुनियां तक सैर कर आती और समझ न पाती कि आखिर उस दुनियां में क्या है जो उसे लुभाता है .. यकायक वह फिर उठती और उठती हर भय से ऊपर और उस अनजान सितारे की रेशमी किरणों को पकड़ वह सितारे की और फिसलना चाहती है, शायद वह आज बताना चाहती है कि वह कितना अहम है उसके लिए, लेकिन जब तक वह उस सितारे तक पहुँच पाती, धुप खिल जाती और वह सितारा रौशनी में डूब कर खो जाता, उस जगह दुनियां की आवाजाही और भीड़ का काफिला सड़कों में फ़ैल जाता है, सितारा दिन के उजाले में डूब जाता, उदास मन से वह चूल्हे पर बर्तन रख देती है क्यूंकि दिन पेट का होता है और रात भूख की| सूरज के साथ उसके आँगन में फूल मुस्कुरा उठते हैं और ये फूल उसे दिन भर सितारे की याद दिलाते रहते हैं और उसका जीना और भी मुश्किल कर देते हैं .....................

उसकी आँखों के कोनो पर आंसू होते पर मजबूर पलके उनको भी अन्दर कैद कर लेती क्यूंकि उस की तरह उसके आंसू भी कैद होने के लिए बने हैं, ऐसे दरवाजों के भीतर जहाँ से बाहर आने की मनाही है .. वह उदास है .. कब शाम ढलेगी .... कब वह दूर अंधेरों में चमकते अपने सितारे को देखेगी .. बहुत देखी थी दुनियां उसने .. लोग बात बात पर छाती पर खंजर चलाने से भी कतराते नहीं थे, पीठ तो कबकी छलनी हो चुकी थी और यही वजह थी की उसे उन दीवारों के अन्दर कैद कर लिया गया था उसकी सलामती की दुहाई थी, बाहर निकला जाता तो उसके साथ सुरक्षा कवच बन कुछ चमगादड़ साथ चलते, जिनकी आँखें उसकी सांस पर भी नजर रखतीं मौका मिले तो वो हीं न कहीं उसे कच्चा चबा जाएँ .. जिनके बीच वह खुले में भी कैद हो चुकी है ............

पर आज उसे बहुत इंतजारी है सितारे की, आँखें आसमान से हटती नहीं तीन दिन हो चुके हैं, आसमान में बादल छाये हुए है, आसमान खुलता नहीं .. आँखें रो रो कर सूज गयी हैं .. आज चूल्हें पर सिर्फ बर्तन चढ़ा है, खाना उसने नहीं बनाया ... उसपर दया आ गयी उसके बाहर की औरत को, उसने आज उसके अन्दर की औरत को खुल कर रोने दिया है और खुद खाना बनाती रही है बाहर से ...आज बाहर की औरत घर की जिम्मेदारियां उठाती रही है जबकि अन्दर की औरत रोती रही है ... आज जल्दी है उसे छत पर जाने की, तीन दिन हुए सितारा बादलों के पीछे छिपा रह गया .......

आज हवाएं तेज चली थी शायद उसका साथ दे रहीं थी, शाम तक आसमान भी साफ़ हो गया था .. अँधेरा छाने लगा था ..रात्री भोजन के बाद जल्दी जल्दी उसने बर्तनों को खंगाला और आड़े तिरछे अलमारी में पलट कर छत की ओर दौड़ी .. आज आकाश पहले से भी साफ़ था .. आज वह सितारे को आवाज लगाएगी, बताएगी कि वह उसको प्यार करती है, आज इस साफ़ आसमान में उसकी आवाज वहां तक पहुँच सकती है .. और वह कहेगी सितारे से इन डरावनी आँखों से दूर उसे अपने पास उड़ा ले चल .. अपनी किरणों के साथ .............

वह छत पर पहुंची और जैसे ही आकाश की ओर देखा उसे एक तारा टूट कर गिरता नजर आया .. उसने देर नहीं की और कह दिया टूटते तारे से कि उसको उसके सितारे का साथ दे .. सुना था उसने भी की टूटते तारे से माँगा वरदान खाली नहीं जाता .. सो उसने जल्दी से आँख मूंदी और मांग लिया तारे का साथ .. और कितना खुश हुई वो, आज बताएगी अपने सितारे को कि अब उससे उसको कोई अलग नहीं कर सकता, नजर भर भर कर उसने आकाश में देखा .. एकटक आकाश की ओर नजरें गाढ़ दी .. पश्चिम की ओर आकाश गंगा के किनारे .. लेकिन वह सितारा अपनी जगह कहीं नहीं था, वह जगह खाली थी, निस्तेज थी, सुनसान थी ... हाय! ये क्या हुआ ? तीन दिन में ही उसको देखे बिना सितारा इतना टूटा, इतना टूटा कि टूट कर अपना सब कुछ खो कर, खुद ही मिलने चल पड़ा उस जमीं पर जहाँ वह औरत रहती थी, ... और वह अभागी समझ न सकी जाने वाला कोई नहीं उसका अपना सितारा था नहीं तो वह रोक लेती आवाज लगा लेती या सारे बन्धनों को तोड़ कर उस दिशा की और उड़ लेती जिधर समुद्र था, जमीन थी और जिधर वह तारा गिरा था .............

और जमीन के उस किनारे पर जहाँ समुद्र था, सितारा वहां डूब गया सुना है कि वहां समुद्र में सितारे जैसी मछलियाँ रहा करती हैं .. और वे आँखें, वो दो आँखें जो आकाश की ओर अपलक देख रही थी, देखते देखते हुए पथरा गयी, कहतें हैं कि आज भी पत्थरों की उन पुतलियों में सितारे की चमक है ...

                    .. ......... नूतन १८ / ०१ / २०१३ .. १२ : ३३ रात्री

.

Tuesday, January 15, 2013

नाम क्या दूँ ?



           
   11119580-heart-of-stone

एक नाम गढ़ जाता है जब ….

दिल पर

किसी तीर जैसा,

पत्थरों पर

आलेख जैसा………

दिल पर

या पत्थर पर लिखा नाम

एक मौत और उसकी यादगार भर हो जाता है| ….. नूतन

LinkWithin

Related Posts with Thumbnails